अवैध शिकार के मामलें में चार शिकारियों में से तीन अभियुक्तों को वन अधिकारी-कर्मचारियों ने रंगे हाथ धर दबोचा

Please share

बार नवापारा।वनमंडल बलौदाबाजार अन्तर्गत बार नवापारा अभ्यारण्य में अवैध शिकार के मामलें में चार शिकारियों में से तीन अभियुक्तों को स्थानीय वन अधिकारी-कर्मचारियों ने रंगे हाथ धर दबोचा है।जबकि इस अवैध शिकार प्रकरण के एक अन्य फरार अभियुक्त की सरगर्मी से पतासाजी की जा रही है।पकड़े गए सभी अभियुक्तों को प्रथम श्रेणी कसडोल न्यायालय में पेश किया जाएगा।
विभाग से मिली जानकारी अनुसार इस अभ्यारण्य अन्तर्गत बारनवापारा परिक्षेत्र के आमगांव परिवृत्त के अकलतरा परिसर के कक्ष क्रमांक 120 में शिकारियों ने जीआई तार में विद्युतधारा प्रवाहित कर एक नर चीतल का अवैध शिकार किया है।यह घटना 6 जनवरी की रात्रि की बताई जा रही है।इस अवैध शिकार के मामलें में शामिल चार शिकारियों में से ग्राम गबौद के दो अभियुक्तों में अर्जुन यादव पिता पिलादाऊ यादव 34 वर्ष व लोकनाथ बरिहा पिता बलभद्रो 33 वर्ष तथा एक अन्य पकड़े गए अभियुक्त ग्राम देवगांव योगेश कुमार ठाकुर पिता भोगाराम उर्फ सोनसिंह ठाकुर 37 वर्ष है।इन अभियुक्तों पर वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9,27,32,51 अधिरोपित की गई है।जबकि इनमें से एक फरार अभियुक्त बेनूराम यादव पिता चन्दूराम यादव 40 साल हाले मुकाम देवगांव का पतासाजी किया जा रहा है।घटना स्थल से सभी पकड़े गए अभियुक्तों के साथ ही शिकार से मृत हुए चीतल का कटा हुआ एक नग सिर,चार पैर,एक नग चमडा़ व साथ ही शिकार के लिए प्रयुक्त किए गए दो गुच्छा करीब 3 किलोग्राम जीआई तार,एक नग हंसिया व एक कुल्हाड़ी भी मौके से बरामद किया गया।उपरांत ही ग्राम गबौद के ऐबन नामक एक तालाब से भी चीतल का उबला हुआ पावभर मांस बरामद किया गया।वहीं अभियुक्त अर्जुन यादव के घर से चीतल का कटा हुआ कच्चा मांस करीब 5 किलोग्राम,बेनूराम यादव के घर से करीब ढाई किलोग्राम व योगेश कुमार ठाकुर के घर से एक किलोग्राम के लगभग चीतल का कच्चा मांस भी मिला है।इस तरह अभियुक्तों के घरों से जुमला करीब साढ़े आठ किलोग्राम चीतल का कच्चा मांस बरामद किया गया है।इस चीतल अवैध शिकार प्रकरण के संबंध में परिक्षेत्र सहायक चरौदा सत्येंद्र कुमार कश्यप को 6 जनवरी की सुबह नौ बजे सबसे पहले जानकारी मिली थी।जिसकी सूचना मिलते ही बारनवापारा अभ्यारण्य वन अधीक्षक आनंद कुदरिया व परिक्षेत्र अधिकारी बारनवापारा कृषाणु चन्द्राकार ने गंभीरता से लिया।और साथ ही वन परिक्षेत्र अधिकारी बार नवापारा कृषाणु चन्द्राकार ने अपने वन कर्मचारियों की टीम के साथ आलाधिकारियों के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में घटना स्थल का त्वरित दौरा जांच एवं कार्यवाही कर रंगे हाथ तीन अभियुक्तों को पकड़ने में सफल रहे।वहीं एक फरारी की पतासाजी में जुटे हैं।इस पूरी कार्रवाई में परिक्षेत्र अधिकारी कृषाणु चन्द्राकार,पवन सिन्हा,परिक्षेत्र सहायक गीतेश बंजारे,गोपाल वर्मा,सत्येंद्र कुमार कश्यप,कपूरचंद बरिहा,परिसर रक्षी अमिताभ बंजारे,रविश्वर प्रसाद मिरी एवं अन्य उपस्थित वन अमलों का विशेष योगदान रहा।

Leave a Comment